बखरी (बेगूसराय)। माओवादियों के
बिहार-झारखंड बंद के आह्वान पर बुधवार की रात समस्तीपुर-खगड़िया रेल खंड पर
इमली-आलोपुर ब्लाक स्टेशन के 16/7 किलोमीटर स्थित पांच नंबर ब्रिज के पास ट्रैक पर
कथित बम रखे जाने की घटना से रात्रि के एक बजे से गुरुवार को सुबह दस बजे तक इस खंड
पर गाड़ियों का परिचालन रोक दिया गया।
घटना के संबंघ में इमली स्टेशन मास्टर विनोद कुमार ने बताया कि रात्रि करीब एक बजे
ट्रैक पर बम रखने की सूचना 20-25 लोगों से मिली। उन्होंने बताया कि अगर गाड़ी चलाई
गई तो बम विस्फोट हो जाएगा। यह बाते बता वे सभी लौट गए तब जाकर यह सूचना
उच्चाधिकारियों को दी गई। गुरुवार की सुबह खगड़िया व समस्तीपुर की जीआरपी टीमों के
अलावा बरौनी रेल डीएसपी राजेन्द्र प्रसाद, थाना प्रभारी आईसी विद्यासागर सलौना
स्टेशन पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने यहां खगड़िया जीआरपी द्वारा घटना स्थल से लाये
गये बमों का निरीक्षण किया और उसे अपने साथ ले गये। डीएसपी राजेन्द्र प्रसाद ने
बताया कि माओवादियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से बाल्टी में बालू भरकर तार आदि
से जोड़ दिया। बम नकली था फिर भी माओवादियों की इस कारगुजारियों को देखते हुए ट्रैक
पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गयी है।
इधर गुरुवार को पूर्वाह्न 11 बजे पीडब्ल्यूआई समस्तीपुर द्वारा ट्रैक को फिट घोषित
किये जाने के बाद गाड़ियों का परिचालन आरंभ कर दिया गया है। ट्रैक पर बम की सूचना के
चलते सलौना स्टेशन पर सुबह सात बजे आनेवाली 351 अप व 352 डाउन सवारी गाड़ी चार घंटे
विलंब से पहुंची। इस बीच यात्री परेशान होते रहे और उनके चेहरे पर दहशत भी देखी
गयी।