दरभंगा। यदि सरकार की पहल पर अमल हुआ तो दरभंगा शहर में दो
पार्को का निर्माण होगा तथा इसके लिये शीघ्र ही एक अध्ययन दल स्थल देखने
आयेगा। कला व संस्कृति विभाग के प्रधान सचिव विवेक कुमार सिंह ने अपने
पत्रांक 139 के माध्यम से कला शिल्प महाविद्यालय पटना के प्राचार्य को लिखे
पत्र में दरभंगा में प्रागैतिहासिक व थीमेटिक पार्क की स्थापना के लिये एक
दल भेजने का अनुरोध किया है। इसके तहत टू डायमेंशनल एवं थ्री डायमेंशनल
कंसेल्ट प्लान का प्रस्ताव देने को कहा है। इसके तहत पार्क के लिये उचित
स्थल एवं अन्य सुविधाओं के बाबत अध्ययन करने के पश्चात निर्माण की प्रक्रिया
शुरू की जायेगी। वहीं पर्यटन विभाग ने ऐतिहासिक हराही पोखर एवं मनोकामना
हनुमान मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में परिवर्तित करने का प्रस्ताव
जिलाधिकारी से मांगा है।